दो दिवसीय संजीवनी महोत्सव का राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने किया शुभारंभ

देहरादून

 

राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने महिला आईटीआई, देहरादून में ‘‘द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन’’ द्वारा आयोजित ‘‘संजीवनी महोत्सव’’ का शुभारम्भ किया।

 

राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने संजीवनी महोत्सव में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्पों एवं स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादकों से अनौपचारिक बातचीत की तथा उनके व्यवसाय एवं समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। स्थानीय हस्तशिल्पियों के कार्यों की प्रंशसा करते हुये राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों का उत्साहवर्द्धन किया।

मीडिया से अनौपचारिक संवाद के दौरान राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि ‘‘द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन’’ की संस्था संजीवनी द्वारा स्थानीय उत्पादकों एवं महिलाओं के सशक्तीरण हेतु सराहनीय कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु यह सुन्दर प्रयास है। इससे महिलाओं को एक नई पहचान मिलेगी। राज्य की महिलाओं को संदेश देते हुये राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि वे स्थानीय उत्पादों एवं शिल्पों के संवर्द्धन एवं संरक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। स्थानीय जैविक उत्पादों की वैश्विक स्तर पर मांग बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि ‘‘द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन’’ द्वारा संचालित संस्था संजीवनी उत्तराखण्ड के वरिष्ठ सिविल सेवा अधिकारियों की पत्नियों द्वारा संचालित एक गैर-लाभकारी संस्था है। यह संस्था गत दो दशकों से महिलाओं तथा बच्चों के उत्थान एवं सशक्तीकरण हेतु कार्यरत है। संजीवनी महोत्सव के माध्यम से दो दिवसीय मेले का आयोजन महिला आईटीआई, सर्वे चौक देहरादून में 20 एवं 21 फरवरी, 2021 को किया जा रहा है। इसमें राज्यभर के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये गये स्थानीय उत्पादों एवं शिल्पों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ‘‘द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन’’ की अध्यक्ष श्रीमती दीपा ओम प्रकाश सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों की पत्नियां उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.