सौ दिन में विकास के रास्ते पर 100 कदम भी नहीं चल पाई धामी सरकार, चुनावी घोषणाओं पर अमल करने में सरकार पूरी तरह हुई विफल ..करन माहरा

देहरादून

 

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य की धामी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल को निराशाजनक तथा सरकार के कार्यकाल की शुरूआती दिशाहीनता बताते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अपने 100 दिन के कार्यकाल में चुनावी घोषणाओं की दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है और न ही अपने आगे के कार्यकाल की दिशा ही तय कर पाई है।

 

उत्तराखण्ड की भाजपा सरकार के 100 दिन का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार को हर मोर्चे पर असफल तथा दिशाहीन बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास इस 100 दिन के कार्यकाल की कोई भी ऐसी उपलब्धि नहीं है जिस पर राज्य की जनता को गर्व हो। राज्य सरकार अपने 100 दिन के कार्यकाल में मात्र साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए काॅमन सिविल कोड का शिगूफा ही छोड पाई है। उन्होंने कहा कि अपने पिछले पांच साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने असफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये तथा वर्तमान कार्यकाल के 100 दिन के कार्यकाल में सरकार अभी तक अपने चुनावी घोषणाओं की दिशा भी तय नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में किसानों, बेरोजगारों, श्रमिकों व व्यापारियों की बात करने वाली धामी सरकार इन वर्गों के विकास के लिए कोई भी नीति नहीं बना पाई है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि राज्य सरकार के 100 के कार्यकाल में राज्य में हत्या, चोरी, डकैती, मासूमों से बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। राज्य में पिछले दो माह में घटी इन घटनाओं नेे सरकार की लचर कानून व्यवस्था उजागर करने के साथ-साथ राज्य की अस्मिता पर भी चोट पहुंचाने का काम किया है। राज्य की जनता में भय का वातावरण व्याप्त है तथा आमजन विषेशकर महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा ने कोरी घोषणायें तथा झूठ का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का काम किया। भाजपा नेताओं ने चुनाव में प्रदेश की गरीब जनता, बेरोजगार नौजवानों, किसानों, व्यापारियों से जो वादे किये वे सब झूठ का पुलिंदा साबित हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आते ही गरीब जनता को सस्तागल्ले के माध्यम से मिलने वाली राशन बन्द करने की नीयत से राशन कार्ड समाप्त करने की योजना बनाई है। राज्य में शिक्षित बेरोजगार नौजवानों की फौज बढती जा रही है तथा रोजगार की आस लगाये नौजवानों को भी सरकार के 100 दिन की कार्यप्रणाली से मायूसी ही हाथ लगी है।

 

माहरा ने कहा कि प्रदेश में चल रही चारधाम यात्रा को व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने में भी राज्य सरकार पूरी तरह से असफल साबित हो रही है। राज्य की जनता की आर्थिकी की रीड मानी जाने वाली चारधाम यात्रा तथा पर्यटन के प्रति राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। यात्रा के शुरूआती माह में ही लगभग 104 से अधिक तीर्थ यात्री अपनी जांन गंवा बैठे हैं जबकि पिछली यात्राओं में पूरे 6 माह में भी यह संख्या इतनी नहीं होती थी। अव्यवस्थाओं के चलते यात्रा मार्गों पर रोज घट रही हृदय विदारक दुर्घटनाओं से राज्य की पर्यटन छबि पर भी प्रभाव पडा है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अपने चुनावी ऐजेण्डे में सडक, शिक्षा, पेयजल, चिकित्सा, रोजगार, कृषि, विकास का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा के सरकारी ऐजेंण्डे में शमशान, कब्रिस्तान, लाउड स्पीकर, बुल्डोजर तथा जातीय व साम्प्रदायिक नफरत फैलाना मात्र रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.