गैरसैंण को ग्रीष्कालींन राजधानी बनाये जाने की घोषणा के बाद सरकार ने भराड़ीसैण में खेली होली

गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भराड़ीसैण, गैरसैण में सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ होली खेली। भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी होली मिलन का आयोजन किया। होली मिलन में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का स्थानीय जनता एवं जन प्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष/विधायक श्री वंशीधर भगत का भी स्थानीय जनता ने जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाये जाने के बाद देश-विदेश में रहने वाले उत्तराखण्डवासी बधाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों का विकास एवं सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। राज्य आन्दोलनकारियों एवं प्रदेश की जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा के बाद जनता में कितना उत्साह है, यह इससे साबित होता है कि बड़ी संख्या में लोग गैरसैंण पहुंचकर एक दूसरे को होली के रंग लगा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने स्थानीय जनता एवं जन प्रतिनिधियों के साथ होली खेली।

Leave a Reply

Your email address will not be published.