पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर 7 दिन का राजकीय शोक ,शनिवार को राजघाट पर तय स्थान पर राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर 7 दिन का राजकीय शोक ,शनिवार को राजघाट पर तय स्थान पर राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

देहरादून/दिल्ली

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार देर रात एम्स में निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनके निधन के चलते सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गुर हैं। पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

केंद्र सरकार की कैबिनेट बैठक में सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पास किया गया। उसके बाद पूरी कैबिनेट द्वारा उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मनमोहन काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पहले भी उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर 28 दिसंबर को सुबह 8:00 बजे कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा. कांग्रेस मुख्यालय में आम जनता और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सुबह 8:30 बजे से सुबह 9:30 बजे तक डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे. सुबह 9:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय से अंतिम यात्रा शुरू होगी।

हालांकि, अभी अंतिम संस्कार के स्थान को लेकर अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन माना जा रहा है कि डॉ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजघाट के समीप किया जा सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक, डॉ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजघाट के समीप जहां अन्य पूर्व प्रधानमंत्री की समाधि के लिए जगह निश्चित है, शनिवार को होगा. वहीं, दिल्ली कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित ने भी मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

संदीप दीक्षित ने बताया कि अभी उनके अंतिम संस्कार का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, उनकी बेटी के आने का इंतजार किया जा रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार रात को पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वर्ष 2004 से वर्ष 2014 तक दो बार प्रधानमंत्री रहे सिंह का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन की सूचना मिलते ही खड़गे और राहुल गांधी दोनों ही कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भाग लेने कर्नाटक के बेलगावी गए थे। लेकिन मनमोहन सिंह के निधन की खबर आने के तुरंत बाद वे दिल्ली आ गए।

बताते चलें कि राजघाट पर अंतिम संस्कार प्रोटोकॉल के तहत किया जाता है. पहले भी राजघाट पर कई पूर्व प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार हो चुका है, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेई समेत कई पूर्व प्रधानमंत्री शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, राजघाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *