कांग्रेस सत्ता में आएगी तो महिला शक्ति पर फोकस करके बनाई जाएंगी कल्याणकारी नीतियां….धस्माना

देहरादून

 

आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर राज्य की सभी कल्याणकारी व विकास की नीतियां व योजनाएं महिलाओं को केंद्र में रख कर बनाई जाएंगी। यह बात प्रेमनगर सनातन धर्म मंदिर हाल में ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिला घर घास पानी चूल्हा खेत जानवर बच्चे परिवार इन सब की धुरी है सब कुछ महिला के इर्द गिर्द ही घूमता है इसलिए जब राज्य के विकास या राज्य के कल्याण की कोई भी नीति बने तो उसकी धुरी भी महिला ही होनी चाहिए और उसी को केंद्र में रख कर योजनाएं बननी चाहिए।

 

धस्माना ने कहा कि यह राज्य का दुर्भाग्य है कि 21 वें वर्ष में भी उत्तराखंड जैसे महिला प्रधान प्रदेश में प्रसूता नारियां इलाज के अभाव में मर जाती हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिन पूर्व ही चमोली जिले में महिला नर्स प्रसव के बाद ज्यादा रक्त बहने के कारण मर गयी इससे ज्यादा शर्मनाक स्थिति क्या हो सकती है। श्री धस्माना ने कहा कि आज 21 वर्षों बाद भी उत्तराखंड में अगर हम अपनी माँ बहनों के सर से घास लकड़ी व पानी का बोझ कम नहीं कर पाए तो यह स्थिति शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार अब जब 2022 में बनेगी तो यह सुनिश्चित किया जाएगा कि महिला कल्याण व महिला को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के नज़रिए से ही नीति बनें।

 

इस अवसर पर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्षा कमलेश रमन ने कहा कि हर राजनैतिक दल को महिलाओं को धरातल पर सम्मान व बराबरी देनी चाहिए केवल भाषणों में नहीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में तो महिलाओं को आरक्षण की व्यवस्था राजीव गांधी जी ने कर दी थी लेकिन संसद और विधानसभा में पार्टियों को राजीव जी द्वारा बताए रास्ते पर चल कर आरक्षण देना चाहिए। कैंट विधानसभा प्रभारी अर्जुन कुमार ने महिला कांग्रेस की नव नियुक्त अध्यक्ष सुशीला शर्मा व वार्ड अध्यक्षों को सफल सम्मेलन आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिस पार्टी में महिला योगदान देती हैं उस पार्टी को कोई हरा नहीं सकता और अब कैंट क्षेत्र में जिस प्रकार से महिलाएं कांग्रेस से जुड़ रही हैं उससे निश्चित रूप से कांग्रेस का परचम प्रदेश में और कैंट में दोनों जगह फहराएगा।

 

इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती गुरुचरण दुग्गल , श्रीमती सुनीता तनेजा, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुमित खन्ना , पार्षद जितेंद्र तनेजा , महेश जोशी,श्रीमती जया गुलानी, श्रीमती दीपिका महल, श्रीमती सुमन जखमोला, श्रीमती सरोज भाटिया, श्रीमती ममता शाशन, श्रीमती सायरा बानो ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *