तड़के चार महिलाओं पर गुलदार का हमला,घायल महिलाओं को अस्पताल में किया भर्ती,वनविभाग की गश्त जारी,विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

देहरादून/पिथौरागढ़

एक तरफ पूरा प्रदेश दीवाली और कई त्योहार धूम धाम से मना रहा है दूसरी ओर प्रदेश के कुमाऊं क्षेत्र के जनपद पिथौरागढ़ में गुलदार ने जिला मुख्यालय से दूर खती गांव में 4 महिलाओं पर हमला कर घायल कर दिया। गुलदार की दहशत से लोग सहमे हुए है।

चारों घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गुलदार के इस तरह के ताबड़तोड़ हमले से पूरा गांव डर के साए में जीने को मजबूर नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी गांव पहुंच गई थी। बताते चलें कि खती गांव निवासी इंदु देवी तड़के सुबह लगभग 4 बजे शौच के लिए गई थी। घर लौट रही इंदू को अकेले देख गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उनके बाएं पैर को अपने जबड़े से जकड़ कर लिया। गुलदार के अचानक हमले के बाद इंदु देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इंदु देवी के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भागने को मजबूर हो गया।

इस हमले के ठीक 1 घंटे बाद प्रातः 5 बजे गांव की पदमा देवी चाय बनाने के लिए अपने घर के भूतल स्थित रसोई में गई थी इसी दौरान गुलदार ने रसोई में घुसकर उन्हें भी घायल कर दिया। लेकिन रसोई में बर्तन गिरने से गुलदार पदमा देवी को छोड़कर रसोई से बाहर निकल भागा। एक घंटे के भीतर गुलदार फिर गांव लौटा और आंगन में बैठकर चाय पी रही मीना देवी और इसके बाद कस्तूरी देवी को घायल कर दिया।

केवल दो घंटे में ही 4 से 6 के बीच गुलदार ने गांव की एक के बाद एक करके चार महिलाओं को घायल कर दिया। गुलदार के इस हमले से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

बहरहाल घायल महिलाओं को अस्पताल में गांव वालों द्वारा भर्ती किया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी पूरन सिंह देऊपा के नेतृत्व में वन विभाग की 15 सदस्यीय टीम खती गांव पहुंची ग्रामीणों से वार्ता के बाद उनसे सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.