देहरादून समेत प्रदेश के 3 जिलों में आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध 5 निजी अस्पतालों की संबद्धता 6 माह की निष्क्रियता के चलते समाप्त – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

देहरादून समेत प्रदेश के 3 जिलों में आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध 5 निजी अस्पतालों की संबद्धता 6 माह की निष्क्रियता के चलते समाप्त

देहरादून

उत्तराखंड के तीन जिलों में आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध पांच प्राइवेट अस्पतालों की संबद्धता समाप्त कर दी गई है। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने छह महीने से योजना में निष्क्रिय रहने पर यह सख्त कार्रवाई की है। अब इन अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारकों को मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिलेगी।

प्राधिकरण की सीईओ रीना जोशी ने बताया कि योजना से जुड़े हर अस्पताल को तय मानकों के अनुसार नियमित रूप से कार्य करना जरूरी है। निष्क्रियता बरतने वाले अस्पतालों की पहचान कर उनकी सूचीबद्धता समाप्त करने की कार्यवाही की गई है, ताकि योजना का लाभ आम जनता तक सही तरीके से पहुंच सके।

देहरादून जिले के तीन अस्पताल जीवन ज्योति क्लीनिक, मार्स हॉस्पिटल और श्री सिद्धि विनायक हेल्थ सेंटर को योजना से बाहर कर दिया गया है। वहीं पिथौरागढ़ के बिष्ट हॉस्पिटल और ऊधमसिंह नगर जिले के आई साइट सुपर स्पेशलिटी आई केयर सेंटर की भी सूचीबद्धता समाप्त की गई है।

प्राधिकरण ने इन सभी अस्पतालों को एक माह का नोटिस जारी किया था, लेकिन तय समयसीमा में किसी भी अस्पताल ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद तय प्रक्रिया के तहत सभी पांचों अस्पतालों को योजना से बाहर कर दिया गया।

प्राधिकरण का कहना है कि आगे भी इस तरह की मॉनिटरिंग जारी रहेगी, ताकि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर और सही तरीके से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *