सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी,एसएसपी दून से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

देहरादून

सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने देहरादून के एसएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एसएसपी को दिए गए पत्र में भट्ट ने बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से रविवार को उनके निजी मोबाइल नंबर पर लगातार फोन आ रहे हैं। कोई व्यक्ति गाली गलौज व अपशब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं मान रहा है।

कहा कि उक्त व्यक्ति द्वारा शायद किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर इस तरह की हरकत की जा रही है। इससे जहां मेरी राजनीतिक छवि धूमिल हो रही है, वहीं इससे मेरे जीवन को खतरा भी हो सकता है।

कहा कि ऐसा भी प्रतीत होता है कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंदी द्वारा उक्त व्यक्ति को उकसाकर फोन कराया जा रहा है। भट्ट ने आरोपी का नंबर देकर जल्द और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *