जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम आगर, दशज्यूला निवासी हवलदार रविन्द्र सिंह अरुणाचल में शहीद, 20 जनवरी को पैतृक गांव में होगा पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

देहरादून/रुद्रप्रयाग/अरुणाचल

उत्तराखंड के लिए अरुणाचल प्रदेश में एक फौजी की शहादत की दुखद खबर आ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात हवलदार रविन्द्र सिंह मातृभूमि की सेवा करते हुए अरुणाचल प्रदेश में 18 जनवरी 2026 को वीरगति को प्राप्त हो गए। हवलदार रविंद्र सिंह की शहादत की सूचना उनके पैतृक क्षेत्र में पहुँचने पर पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।

शहीद रविन्द्र सिंह, ग्राम आगर, दशज्यूला (जनपद रुद्रप्रयाग) निवासी थे। वे पूर्व ग्राम प्रधान स्व. सतेंद्र सिंह राणा के पुत्र थे। उनका पार्थिव शरीर 19 जनवरी 2026 की रात्रि को रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को प्रातः 7 बजे, शहीद जवान का पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला लाया जाएगा, जहाँ ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासन अंतिम दर्शन करेंगे। इसके पश्चात रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शहीद की शहादत पर क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *