देर रात 35 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या, हमलावर अंधेरे और सुनसान जगह का फायदा उठा हो गया फरार

देहरादून/ऋषिकेश

एम्स से लगे शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार को देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब लोगों ने गोली की आवाज सुनी। लोग आवाज की दिशा में भागे।

मालूम हुआ कि यहां घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतक महिला, मूल रूप से यमकेश्वर निवासी 35 वर्षीय प्रीति है जो एम्स ऋषिकेश में अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थी। कुछ समय पहले ही वह तलाक ले चुकी थी और उसका लगभग 8 साल का बेटा गांव में नाना के पास रह रहा है।

प्राप्त घटनाक्रम के अनुसार शनिवार रात लगभग 10 बजे प्रीति अपने किराए के कमरे में अकेली थी। उसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया,प्रीति ने अंदर से लकड़ी का दरवाजा खोला तो जाली के दरवाजे के पीछे एक युवक खड़ा था। जब तक कुछ बोल पाती संभवतः युवक ने गोली चला दी।

पुलिस ने बताया कि प्रीति ने लकड़ी का अंदरूनी दरवाजा खोला था, जबकि जाली वाला दरवाजा बंद था। आरोप है कि युवक ने इसी जाली के बीच से प्रीति के सीने में गोली दाग दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस टीम पहुंची और खून से लथपथ प्रीति को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हत्या में किसी परिचित व्यक्ति के शामिल होने की आशंका ज्यादा मजबूत लग रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फारेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से नमूने भी हासिल किए हैं और आरोपित की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है।

बताया गया कि जिस स्थान पर प्रीति रह रही थी, वह इलाका अपेक्षाकृत सुनसान है और एम्स के पीछे पड़ता है। कमरे के मुख्य दरवाजे पर दोहरी व्यवस्था लकड़ी और जाली लगाई गई थी। पुलिस के अनुसार, गोली जाली के दरवाजे से अंदर दागी गई। जांच के लिए पुलिस ने जाली वाला दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। मौके पर पहुंची एस पी देहात जया बलूनी ने जल्द ही जांच करवा के मामले के खुलासे का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *