देहरादून
दून नगर निगम महापौर सौरभ थपलियाल की गरिमामयी उपस्थिति में शहर के विभिन्न वार्डों में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस अवसर पर उन संकरी गलियों एवं घनी आबादी वाली बस्तियों में, जहाँ अब तक कूड़ा उठान में व्यावहारिक कठिनाइयाँ आ रही थीं, वहाँ डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को सुचारु करने के उद्देश्य से मानव चलित रिक्शों का वितरण किया गया।
महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाया जा सके। मानव चलित रिक्शों के माध्यम से अब संकरी गलियों में भी नियमित रूप से कूड़ा संग्रहण संभव हो सकेगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इस पहल से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान प्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित नगर निगम के अधिकारीगण एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
