विजिलेंस ने विद्युत विभाग के जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार,अपार्टमेंट में शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम बिजली कनेक्शन का था मामला

देहरादून

भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश की राजधानी की सतर्कता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता को रिश्वत लेते रंगे हाथों अरेस्ट कर लिया। आरोपी अधिकारी द्वारा उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन और लोड बढ़ाने के एवज में मोटी रकम की मांग की जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने जाल बिछाकर अतुल कुमार, अवर अभियंता, बिजली घर पथरी बाग 33/11 केवी, देहरादून को गिरफ्तार किया।

आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत भार बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की सूचना सतर्कता टीम को दी, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर जांच की और उसके उपरांत मामले में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। तय योजना के अनुसार जेई अतुल कुमार ने रिश्वत की रकम जैसे ही हाथ में ली, सतर्कता टीम ने मौके पर ही उसकी रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी काफी लंबे समय से उपभोक्ताओं से ऐसे ही अवैध वसूली करता आ रहा था और बिजली कनेक्शन के काम को जानबूझकर लटकाकर लोगों को परेशान किया करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फिलहाल सतर्कता टीम द्वारा आरोपी के अन्य मामलों और संपत्ति की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि प्रदेश सरकार द्वारा देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है और रिश्वतखोरी करने वालों और भ्रष्टाचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *