देहरादून/उत्तरकाशी
प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन-जन की सरकार,चार साल बेमिसाल कार्यक्रम जिला मुख्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान,जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग उत्तराखंड द्वारा प्रकाशित सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा जनपद में हुए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तरकाशी में 6 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कच्ची सड़कों को पक्की सड़कों में बदलने हेतु करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दयारा बुग्याल, गिडारा बुग्याल और हरुनता जैसे प्रमुख ट्रेकिंग रूटों के विकास एवं सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से नचिकेता ताल ट्रेक रूट एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए है। धराली आपदा का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि सरकार ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होकर हर संभव सहायता प्रदान की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कीवी उत्पादन एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया। साथ ही किसानों से पारंपरिक खेती के साथ उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने भी संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की सराहना की।
सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यकाल में जनपद में ₹4,286 करोड़ से अधिक के विकास कार्य किए गए हैं। साथ ही 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के दर्शन किए। मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने पिछले चार वर्षों में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला योजना के अंतर्गत ₹274 करोड़, राज्य सेक्टर में ₹927 करोड़ तथा केंद्रीय पोषित योजनाओं में ₹1,623 करोड़ व्यय किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल पर ₹333 करोड़, सड़क निर्माण पर ₹488 करोड़, सिंचाई पर ₹179 करोड़, शिक्षा पर ₹183 करोड़, स्वास्थ्य पर ₹98 लाख तथा समाज कल्याण के लिए ₹278 करोड़ की धनराशि खर्च की गई। उन्होंने कहा कि जनपद में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 14 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ गांवों में 208 स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए और 100 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया। जुलाई 2021 से मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत 61 शिलान्यास कार्यों में से 31 कार्यों का लोकार्पण किया जा चुका है। इसके अलावा इस वर्ष आई आपदा के बाद ₹18 करोड़ की राहत राशि वितरित की गई तथा क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण हेतु शासन से ₹100 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विभिन्न सामुदायिक संगठनों को आर्थिक सशक्तिकरण हेतु सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कालेश्वर सीएलएफ जोशियाड़ा को ₹7.50 लाख, हरि महाराज सीएलएफ को ₹15 लाख, मां जगदम्बा सीएलएफ को ₹9 लाख, देवभूमि सीएलएफ को ₹3.75 लाख तथा घनेश्वर सीएलएफ को ₹9 लाख की धनराशि प्रदान की गई। पशुपालन विभाग के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमरदास, वीरेंद्र कुमार, वचन लाल, मगन लाल और रौनकी देवी को गाय पालन के लिए ₹36-36 हजार की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं प्रेम लाल और सुखदेव राणा को बकरी पालन हेतु ₹63-63 हजार की धनराशि प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले काश्तकार समूहों को प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान सावित्री आजीविका स्वयं सहायता समूह,आंचल आजीविका उत्पादक समूह, मां भवानी समूह, श्रीकाल देवता अक्षय उत्पादक समूह, सरोज ग्राम संगठन समूह, पार्वती स्वयं सहायता समूह तथा शिव गुरु स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहन स्वरूप धनराशि के चेक वितरित किए गए।
जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने कहा कि सरकार के चार वर्ष सेवा, सुशासन और विकास को समर्पित रहे हैं। जनपद में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा,स्वास्थ्य,पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। साथ ही आगामी योजनाओं को भी जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार,गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल,चंदन सिंह पंवार,कुशाल नेगी,बालशेखर नौटियाल,अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र,एसडीएम शालिनी नेगी,परियोजना निदेशक अजय सिंह,जिला विकास अधिकारी रमेशचंद्र आर्य, महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल,पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा,सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

