8 से 12 अप्रैल तक टिहरी झील स्थित WSAI परिसर में होंगी कई प्रतियोगिताएं, जिसमें देश भर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों की 19 टीमें 52 इवेंट्स में करेंगी प्रतिभाग.. मनु महाराज

देहरादून

उत्तराखंड के लिए गर्व और रोमांच भरा एक और ऐतिहासिक अवसर होगा जब प्रदेश में पहली बार 25 वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

यह बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता 8 से 12 अप्रैल तक टिहरी झील स्थित WSAI (वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट) ITBP परिसर में आयोजित होगी।

देश भर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टीमें इस प्रतियोगिता में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

टिहरी झील की लहरों में दिखेगा करतब ((वीडियो सोर्स- SDRF))

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में असम राइफ़ल्स, सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स (CISF), बॉर्डर सिक्योरिटी बल (BSF) और ITBB सहित देशभर की कुल 19 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान कुल 52 इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कयाकिंग, कैनोइंग, रोइंग और अन्य रोमांचक जल क्रीड़ाएं शामिल हैं।

आईटीबीपी नॉर्दर्न फ्रंटियर के आईजी मनु महाराज ने प्रदेश वासियों से अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने का आह्वान किया है।

उनका कहना है कि इस तरह के आयोजन न केवल खेलों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि राज्य की पर्यटन क्षमता को भी नई पहचान दिलाते हैं. टिहरी झील, जो पहले से ही अपने प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए जानी जाती है।

अब राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के जरिए देशभर में एक नई पहचान बनाने जा रही है।

प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा, व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आईटीबीपी को इस आयोजन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

इस आयोजन के जरिए उत्तराखंड को वॉटर स्पोर्ट्स के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

साथ ही यह प्रतियोगिता युवाओं को जल क्रीड़ाओं की ओर आकर्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. कुल मिलाकर 8 से 12 अप्रैल के बीच टिहरी झील खेल, रोमांच और देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आएगी, जहां देश भर के जांबाज अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरते दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *