देहरादून
सहसपुर क्षेत्र में जंगल से लकड़ी लेने गए एक बुजुर्ग की गुलदार के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने जंगल में खोजबीन की, जहां करीब ढाई किलोमीटर अंदर उनका शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान इरफान के रूप में हुई है, जो सुबह अपने छोटे भाई युसूफ के साथ जंगल गया था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे युसूफ लकड़ी लेकर वापस घर लौट आया, जबकि इरफान ने थोड़ी देर में आने की बात कही थी। लेकिन जब वह 10 बजे तक भी घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद परिजन जंगल के भीतर पहुंचे, जहां इरफान का शव पड़ा मिला। उसके गले और आंख के आसपास गहरे जख्म पाए गए, जिससे गुलदार के हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम जरूरी है ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। हालांकि, इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध भी जताया। बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों में गुलदार के खौफ से दहशत का माहौल है।