87वीं नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में सिंड्रेला दास का जलवा, दो खिताब जीतकर बनीं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप स्टार

देहरादून

ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में बंगाल की उभरती खिलाड़ी सिंड्रेला दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो खिताब अपने नाम कर प्रतियोगिता की सबसे बड़ी आकर्षण बनकर उभरीं। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में सिंड्रेला ने अपने आत्मविश्वास, तकनीक और निरंतरता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

सिंड्रेला दास ने यूथ गर्ल्स सिंगल्स (अंडर-17) के फाइनल में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भोमिक को 4-2 (12-10, 11-1, 4-11, 10-12, 11-2, 11-8) से हराकर खिताब जीता। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां शुरुआती और मध्य गेम्स में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक क्षणों में सिंड्रेला ने शानदार वापसी करते हुए जीत अपने नाम की। इस वर्ग में महाराष्ट्र की नैशा रेवासकर और बंगाल की अहोना रे ने कांस्य पदक हासिल किया

सिंड्रेला ने अपना दबदबा जारी रखते हुए यूथ गर्ल्स सिंगल्स (अंडर-19) का खिताब भी अपने नाम किया। फाइनल में एक बार फिर उनका सामना दिव्यांशी भोमिक से हुआ, जहां उन्होंने 4-1 (7-11, 11-4, 11-9, 11-6, 11-4) से जीत दर्ज की। पहले गेम में पिछड़ने के बाद सिंड्रेला ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार चार गेम जीतकर मैच अपने पक्ष में कर लिया। इस वर्ग में दिल्ली की दिया ब्रह्मचारी और सायनिका माजी ने कांस्य पदक जीते।

यूथ गर्ल्स डबल्स (अंडर-17) में बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती और अहोना रे की जोड़ी ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र की नैशा रेवासकर और दिव्यांशी भोमिक को रजत पदक मिला, जबकि कांस्य पदक बंगाल की अविशा कर्माकर और श्रेया धर तथा तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन और नंदिनी को मिला।

वहीं यूथ गर्ल्स डबल्स (अंडर-19) में कर्नाटक की तनिष्का कलभैरव और हिमांशी चौधरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। महाराष्ट्र की हार्दी पटेल और दिव्यांशी भोमिक को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि कांस्य पदक बंगाल की अविशा कर्माकर और डिट्सा रॉय तथा हरियाणा की तनमयी साहा और काशवी कालरा को मिला।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के विशेष प्रमुख सचिव (खेल एवं युवा कल्याण) एवं एडीजी, आईपीएस अमित सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

अंडर-17 डबल्स स्पर्धा के विजेताओं को हर्षा पंत चौधरी (उपाध्यक्ष, STAG Global) और प्रिंस विपोन (आयोजन सचिव) ने सम्मानित किया, जबकि अंडर-19 डबल्स के विजेताओं को

समरजीत सिंह (संयुक्त सचिव, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया) और चेतन गुरंग (अध्यक्ष, उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन) ने पुरस्कार प्रदान किए।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अमित सिन्हा ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।

इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों में के.के. शर्मा*

(कोषाध्यक्ष, UKTTA), शबाली गुरंग (जिला क्रीड़ा अधिकारी, हरिद्वार), रविंदर भंडारी* (जिला क्रीड़ा अधिकारी, देहरादून), कई वरिष्ठ अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरे आयोजन का माहौल खेलमय और ऊर्जा से भरपूर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *