देहरादून
देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उत्तराखंड के लाल स्क्वाड्रन लीडर अभिनव नौटियाल को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सराहनीय भूमिका निभाने पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। इस सम्मान की घोषणा 15 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में की गई थी, जो मंगलवार को स्क्वाड्रन लीडर अभिनव को प्राप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्क्वाड्रन लीडर नौटियाल ने वर्ष 2025 के दौरान 48 स्क्वाड्रन, भारतीय वायु सेना में सेवा देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान असाधारण कर्तव्यनिष्ठा, साहस और कार्य दक्षता का परिचय दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को न केवल सैन्य सेवा में बल्कि अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया गया है।
उनके इस विशेष कार्य को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने 15 अगस्त 2025 को स्क्वाड्रन लीडर अभिनव नौटियाल को सीडीएस प्रशंसा सम्मान की घोषणा की थी, जो अब विधिवत उन्हें मिल गया है। सीडीएस प्रशंसा पत्र पर हस्ताक्षर जनरल अनिल चौहान (सीडीएस) द्वारा किए गए हैं, जिसमें उन्होंने नौटियाल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय सशस्त्र बलों के उच्च मानकों को दर्शाता है।
बताते चलें कि मूल रूप से ज्ञानसू उत्तरकाशी के निवासी अभिनव नौटियाल की इस उपलब्धि से पूरे जनपद और प्रदेश में गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी जा रही है। इस तरह के सम्मान न केवल सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हैं बल्कि युवाओं को भी सेना में सेवा देने के लिए प्रेरित करते हैं। उत्तराखंड, जिसे वीरभूमि कहा जाता है, एक बार फिर अपने सपूत की इस उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ है। बता दें कि अभिनव के पिता शैलेन्द्र नौटियाल उत्तरकाशी में शिक्षक और सामाजिक दायित्व निभाते हुए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
