उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग द्वारा अग्निवीर योजना के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन सम्पन्न – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग द्वारा अग्निवीर योजना के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन सम्पन्न

देहरादून

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रतन नेगी के नेतृत्व में अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में चलाया गया उत्तराखण्ड कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन शनिवार को अपने चौथे एवं चरण में जनपद ऊधमसिंह नगर, चम्पावत एवं चमोली में सम्पन्न हुआ।

इस राज्यव्यापी आंदोलन के प्रथम चरण में गढ़वाल मंडल के कोटद्वार एवं लैंसडाउन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। द्वितीय चरण में कुमाऊँ मंडल के रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा एवं हल्द्वानी में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ। तृतीय चरण में देहरादून, विकासनगर, चकराता, बड़कोट, उत्तरकाशी, नरेंद्रनगर एवं मसूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आंदोलन आयोजित किए गए। वहीं चतुर्थ एवं चरण में खटीमा, चम्पावत, बाजपुर, रुद्रपुर, नैनीताल एवं अन्य स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पूर्व सैनिकों ने जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर शामिल हुए।

आंदोलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रतन नेगी ने कहा कि उत्तराखण्ड को वीर सैनिकों की भूमि कहा जाता है तथा राज्य के लगभग 75 प्रतिशत परिवारों का सेना से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जुड़ाव रहा है। प्रदेश के युवाओं का सपना देश की सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा करना रहा है, किन्तु केंद्र सरकार द्वारा सेना भर्ती की अवधि को मात्र चार वर्ष तक सीमित कर देने से प्रदेश के युवाओं में भारी निराशा एवं आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है तथा इससे सेना की परंपरागत व्यवस्था एवं युवाओं के स्थायी रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी लगातार इस जनविरोधी योजना का विरोध करती रही है और आगे भी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

कर्नल रामरतन नेगी ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि अग्निवीर योजना को तत्काल समाप्त किया जाए ताकि उत्तराखण्ड के युवा पुनः सम्मानपूर्वक भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

उन्होंने कहा कि पांचवा एवं अंतिम चरण 9 जून से जनपद रुद्रप्रयाग व चमोली में संपन्न होगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, कैप्टन गोपाल सिंह गढ़िया, सूबेदार बलबीर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, कैप्टन कुशाल सिंह राणा, जयदीप सिंह, हवलदार रणबीर लाल, डॉ.आर.पी. ध्यानी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *