उत्तरकाशी
जिला स्तरीय बालश्रम उन्मूलन टॉस्क फोर्स की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बालश्रम के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस और बाल सरंक्षण इकाई को संयुक्त रूप से गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्ग पर स्थित होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी इस सामाजिक बुराई को मिटाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी 14 वर्ष से कम आयु के बच्चे बाल मजदूरी करते हुए पाए जाते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने या चाइल्ड हेल्पलाइन में दे ताकि ऐसे बच्चों को रेस्क्यू कर उनका बचपन सुरक्षित किया जा सके। इस संबंध में उन्होंने बाल उन्मूलन और जिला टास्क फोर्स को समय-समय पर औचक छापेमारी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बालश्रम के साथ-साथ बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी गंभीर चिंता जताई गई। जिलाधिकारी ने बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस, बाल कल्याण समिति,चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल विकास, बाल संरक्षण इकाई, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ एक टीम के रूप में प्रभावी रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल,एसीएमओ विनोद कुमार पांगती, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह पंवार,जिला प्रोबेशन अधिकारी शोएब हुसैन,सब इंस्पेक्टर गीता,राज्य प्रबंधन प्लान इंडिया गोपाल थपलियाल,पमिता थपलियाल आदि उपस्थित रहे।