दुखद..चमोली के विकासखंड देवाल में कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक कार गहरी खाई में होके सीधे नदी में समाई, कार सवार 7 लोगों में से 4 लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

देहरादून/चमोली

उत्तराखंड के चमोली जनपद के विकासखंड देवाल में कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर गुरुवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे कैल नदी में समा गया। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंनार के समीप वाहन चालक अचानक नियंत्रण खोने के बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़कता हुआ सीधे कैल नदी में जा गिरा। भयावह दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी गई।

हादसे के दौरान एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि दोनों को चोटें आई हैं। इसके अलावा एक अन्य घायल को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,दुर्घटना के पश्चात चलाए गए रेस्क्यू अभियान में चार लोगों के शव नदी से बरामद किए जा चुके हैं। नदी का तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां राहत कार्य में चुनौतीपूर्ण बनाए हुए हैं।

प्रशासन के अनुसार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत-बचाव दलों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों की निशानदेही पर नदी किनारे व्यापक खोज अभियान चलाया गया, जिसके बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।

चार शवों की बरामदगी और तीन घायलों के रेस्क्यू के बाद भी प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान जारी रखा। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की पूरी तरह जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित स्थिति को नजरअंदाज न किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *