सीएम धामी ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में सेना के जवानों, योग साधकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं हजारों नागरिकों के साथ किया सामूहिक योगाभ्यास – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

सीएम धामी ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में सेना के जवानों, योग साधकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं हजारों नागरिकों के साथ किया सामूहिक योगाभ्यास

देहरादून/बनबसा

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में उपस्थित सशस्त्र सेना के जवानों, योग साधकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र में योग और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि माँ शारदा की पावन भूमि पर योगाभ्यास करने का अवसर उनके लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योग दिवस के सफल आयोजन में योगदान देने वाले योग प्रशिक्षकों, साधकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली की चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है।

उन्होंने आगे कहा कि योग ने विश्वभर में मानवता को जोड़ने का कार्य किया है और भारत के “वसुधैव कुटुम्बकम्” तथा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” जैसे संदेशों को वैश्विक पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और आज 190 से अधिक देश योग से जुड़ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है और राज्य सरकार इसे योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में योग नीति लागू की गई है, जिसके तहत योग केंद्रों को प्रोत्साहन, अनुदान और शोध कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं तथा आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों के माध्यम से योग सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक धार्मिक और पर्यटन विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी मिलकर उत्तराखंड को योग का वैश्विक केंद्र बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *