टिहरी पुलिस की सटीक विवेचना ने खोल डाला 54 लाख बैंक गबन का बड़ा आर्थिक घोटाला, आरोपी कैशियर गिरफ्तार

देहरादून

उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में लगभग 54 लाख रुपये के गबन के मामले में टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन बैंक कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में की गई सटीक विवेचना और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि मामले में गबन की पूरी धनराशि, उसके उपयोग और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने थाना छाम में ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए करीब 54 लाख रुपये के गबन की सूचना दी थी।

बैंक की आंतरिक ऑडिट और जांच समिति की पड़ताल में सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी निकासी वाउचरों के माध्यम से अवैध रूप से धनराशि निकाल ली। शिकायत के आधार पर थाना छाम में मु.अ.सं. 17/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दिलवर नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने बैंक अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों, वित्तीय लेन-देन सहित दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण कर आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए।

जांच में यह भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने निजी खाते और रिश्तेदारों के खातों में भी स्थानांतरित किया था।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने 2 जुलाई 2026 को देहरादून स्थित उसके निवास पर दबिश देकर आरोपी अभिलाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब गबन की पूरी रकम के फंड फ्लो, अन्य बैंक खातों में हुए लेन-देन और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर भी आघात हैं। टिहरी पुलिस आर्थिक अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को कानून के दायरे में लाकर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *