उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद,गुरुवार 9 जुलाई को रहेंगे 1 से 12 कक्षा तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद,गुरुवार 9 जुलाई को रहेंगे 1 से 12 कक्षा तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित

देहरादून/नैनीताल/रुद्रपुर

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। देहरादून समेत नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में 9 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में 9 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहीं-कहीं गर्जन-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के बेहद तीव्र दौर की भी आशंका जताई है।

लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 9 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

प्रशासन के अनुसार, जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

दूसरी तरफ ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 9 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित कर दिया है। सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के चलते जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन अवकाश का फैसला लिया गया है।

इन जिलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों को अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *