उत्तरकाशी जिले में एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके से लोगों में फैली दहशत रात करीब 8:02 बजे अचानक धरती डोली, घरों से बाहर निकले लोग,जान माल का कोई नुकसान नहीं

देहरादून/उत्तरकाशी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार रात एक बार फिर भूकंप के हल्के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। भटवाड़ी तहसील के कई इलाकों में रात करीब 8:02 बजे अचानक धरती डोलने से लोग कुछ देर के लिए घरों से बाहर निकल आए।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग के जंगलों में था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। भूकंप के झटके मुख्य रूप से भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भूकंप की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया और संबंधित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी गई। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है उत्तरकाशी

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरकाशी जिला भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यह इलाका भूकंपीय जोन-4 और जोन-5 में आता है, जहां भविष्य में बड़े भूकंप की आशंका बनी रहती है। यही कारण है कि इस क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके भी लोगों की चिंता बढ़ा देते हैं।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *