बहादुर बेटी ने दरवाजा बंद कर अपनी और टीवी देख रहे पिता के ऊपर हमले के बाद घर में घुसे तेंदुए से बचाई जान, फॉरेस्ट कर्मियाें ने भारी मशक्कत बाद किया रेस्क्यू

देहरादून/चंपावत

जिले के सिमल्टा गांव में शुक्रवार देर रात एक खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर के भीतर टीवी देख रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। लेकिन उसी वक्त मायके आई उनकी बेटी ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए न केवल पिता को तेंदुए के चंगुल से बचाया, बल्कि सूझबूझ से हमलावर तेंदुए को घर के अंदर ही कैद भी कर दिया। बाद में सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कई घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, चंपावत मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सिमल्टा निवासी सुरेश चंद्र पांडे (64) शुक्रवार रात भोजन करने के बाद घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।

इस बीच कुछ दिनों के लिए मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे ने बिना घबराए बहादुरी दिखाई। उसने पिता को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया और तत्परता दिखाते हुए तेंदुए को घर के अंदर ही बंद कर दिया। बेटी की इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया और बुजुर्ग की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को पिंजरे में सुरक्षित कैद कर लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

तेंदुए के हमले में घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

वहीं ग्रामीणों ने आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही तेंदुओं की आवाजाही पर चिंता जताते हुए वन विभाग से प्रभावी निगरानी और सुरक्षा हेतु उपाय बढ़ाये जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *