देहरादून
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के तैराकों ने उत्तराखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 पदक जीतकर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के पांच तैराकों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए उत्तराखंड टीम में चयन भी हुआ है।
उत्तराखंड स्विमिंग एसोसिएशन की ओर से हल्द्वानी में आयोजित तीसरी उत्तराखंड सब जूनियर एवं जूनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में प्रदेशभर के 139 तैराकों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 17 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में शौर्य चौधरी ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर इंडिविजुअल चैंपियनशिप ग्रुप-1ए का खिताब अपने नाम किया। मनस्वी पंवार ने भी पांच स्वर्ण पदक जीतकर ग्रुप-1बी में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रितेश सिंह अग्रवाल ने तीन स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं ईरा रावत ने ग्रुप-2 में पांच स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि अनन्या यादव ने पांच रजत पदक अपने नाम किए।
इन उपलब्धियों के आधार पर शौर्य चौधरी, मनस्वी पंवार और रितेश सिंह अग्रवाल का चयन भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम में किया गया है। वहीं ईरा रावत और अनन्या यादव जयपुर में आयोजित 42वीं सब जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्कूल पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि स्कूल के छात्र शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि विद्यालय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकें।
