21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2026 में उत्तराखंड के विजयी खिलाड़ियों को पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र और पूर्व सीएम उत्तराखंड कोश्यारी ने किए प्रमाण पत्र वितरित – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2026 में उत्तराखंड के विजयी खिलाड़ियों को पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र और पूर्व सीएम उत्तराखंड कोश्यारी ने किए प्रमाण पत्र वितरित

देहरादून

21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2026 में उत्तराखंड के विजयी खिलाड़ियों को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल, महाराष्ट्र, भगत सिंह कोश्यारी के कर-कमलों से प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

ज्ञात हो कि देहरादून स्थित संपूर्ण राष्ट्र के एकमात्र एवं साउथ एशिया के सबसे बड़े आइस स्केटिंग रिंक “हिमाद्रि” में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2026 के दौरान राज्य के 19 मेधावी खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में स्थान बनाया और मेडल हासिल किए।

प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र हाल ही में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को उपलब्ध हुए हैं, जिन्हें आज सम्मानपूर्वक माननीय श्री कोश्यारी जी के कर-कमलों से खिलाड़ियों को वितरित कराया गया।

बताते चलें कि विगत वर्षों में राज्य में आइस स्केटिंग खेल का मैदान न होने पर भी आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना कौशल दिखलाते हुए राज्य की झोली में तकरीबन 60 से अधिक मेडल हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।

अब जबकि आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की लगभग 14 वर्षों से लगातार कोशिशों और सरकार से रिंक खुलवाने की मांग के बाद राज्य के खेल एवं युवा प्रेमी माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य की देखरेख और विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित सिन्हा के अथक परिश्रम से, देहरादून स्थित समस्त साउथ एशिया के सबसे बड़े और व्यवस्थित आइस स्केटिंग खेल मैदान “हिमाद्रि” के रूप में खिलाड़ियों को उपलब्ध हो गया है। इससे यह आशा निशचय ही बलवती हुई है कि राज्य के खिलाड़ी भविष्य में और अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल हासिल कर पाएंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

माननीय पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के बैनर तले आयोजित एक छोटे से कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को कोश्यारी जी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें आशीर्वाद दिया गया।

जिन खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्राप्त हुआ उनमें मीमांसा नेगी, अग्रिमा भट्ट, हिमाग्नि शर्मा, वान्या भंडारी, अपूर्वा सिंह, मानवी ढोंडियाल ने महिला वर्ग के प्रमाण पत्र प्राप्त किये वहीं पुरुष वर्ग मे सर्वश्री अथर्व भट्ट, ओजस तैनजिंग धरमशकतू, अनमोल सजवाण, ऋषभ रावत, अथर्व सिंह चौहान, अधिराज देव राहूल, आयुष रमेश कंसवाल, आयुष जगुड़ी, आदर्श रावत, धैर्य और मौलिक अग्रवाल शामिल रहे।

इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली ने बताया कि पिछले वर्षों में राज्य में आइस स्केटिंग खेल के मैदान की सुविधा न होने पर भी राज्य के खिलाड़ियों ने कभी शिमला, कभी गुरुग्राम, कभी बैंकॉक-थाईलैंड, हांगकांग, फिलीपींस, यूएई और कंबोडिया-सिंगापुर इत्यादि विदेशी धरती पर बने आइस स्केटिंग रिंक में जाकर और वहाँ के प्रशिक्षकों से महंगा प्रशिक्षण लेकर विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य की छाप छोड़ी है।

उन्होंने बताया कि राज्य के खिलाड़ियों ने वर्तमान तक तकरीबन 60 से अधिक राष्ट्रीय मेडल और 7 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल हासिल कर उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर पैन्यूली ने कोशयारी से आग्रह किया कि

राज्य के इन खिलाड़ियों को पारितोषिक के तौर पर हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक में निशुल्क अथवा विशेष रियायती दरों पर स्केटिंग करने की सुविधा उपलब्ध हो ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं में अधिक मेडल लाकर राज्य का नाम रोशन कर सकें। इस आशय के साथ एसोसिएशन और खिलाड़ियों की ओर से उन्होने माननीय कोश्यारी जी को मांग पत्र भी प्रस्तुत किया, ताकि उनके माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कोश्यारी ने माननीय प्रधानमंत्री जी की देश में खेलों को बढ़ावा देने की विशेष योजनाओं का जिक्र कर कहा कि देश के खिलाड़ियों को हर तरह की सहायता केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है । उन्होंने खिलाड़ियों से धैर्य रखने की बात कही और कहा कि अपने लक्ष्य को हमेशा साधते रहो, विजय जरूर मिलेगी।

आप खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी उतना ही ध्यान दें, ताकि आप उन्नति के शिखर छू सकें।

उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों को यह भी चेताया कि आज के इस समय में जहाँ युवा नशे की लत से भटक गया है, वह आदत अपने अंदर कभी ना लाने दें। अपने लक्ष्य को हमेशा साधते रहें, और अपने देश , राज्य और अभिभावको का नाम रोशन करे ।

कोश्यारी जी ने वर्ष 2025 में राज्य में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार राज्य सरकार ने सफलता का परचम लहराया है, वह हमेशा खिलाड़ियों को प्रेरित करता रहेगा । उन्होंने आशा व्यक्त की कि उपस्थित सभी खिलाड़ी आगे आने वाली प्रतियोगिताओं में जरूर अच्छे से अच्छा पदक हासिल कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

हिमाद्रि आइस रिंक के उपयोग बाबत उन्होंने खिलाडियों को आश्वस्त कर कहा कि निश्चय ही उनकी मांग, विशिष्ट रियायतें और सुविधाएं उपलब्धता के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान आइस स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों मे श्री यशवंत सिंह, नागेंद्र सिंह नेगी, सुभाष जगुड़ी के अतिरिक्त खिलाड़ी और अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *