देहरादून
महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को राजीव भवन में आयोजित की गई।
बैठक में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी निर्देशों के तहत 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा से जुड़े असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का कथित शुद्धिकरण किए जाने, कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमे तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम के विरोध में आगामी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एआईसीसी को-इनचार्ज मनोज यादव एवं एआईसीसी को-इनचार्ज सुरेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा की राजनीति अब केवल सत्ता तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वह समाज में नफरत, जातीय विभाजन और सामाजिक वैमनस्य पैदा करने का प्रयास कर रही है। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच का कथित शुद्धिकरण करना पूरे दलित समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की जातिवादी और विभाजनकारी मानसिकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी 7 सितंबर को बड़ी संख्या में परेड ग्राउंड पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा सरकार की इस मानसिकता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच का कथित शुद्धिकरण केवल एक मंच का अपमान नहीं, बल्कि कांग्रेस, लोकतंत्र और अनुसूचित जाति समाज के सम्मान पर हमला है। एक ओर भाजपा नेता संविधान और सामाजिक समरसता की बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के मंच का शुद्धिकरण किया जाता है। इससे भाजपा की दलित विरोधी और जातिवादी मानसिकता उजागर होती है।
इसके विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के हजारों कार्यकर्ता 7 सितंबर को प्रातः 10 बजे परेड ग्राउंड में एकत्र होकर मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे और भाजपा सरकार से मांग करेंगे कि इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी , प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला, नवीन जोशी, महेंद्र नेगी, सोनिया आनंद, सुध्यंत वोहरा, संजय कनोजिया, विनीत भट्ट , ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, संजय उनियाल, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंडीर, राजीव प्रजापति,वीरेन्द्र पंवार, अर्जुन पासी, रोबिन त्यागी, अभिषेक तिवारी, दीपक मदवाल, कासिफ ज़ैदी आदि मौजूद थे।

