देहरादून/ऋषिकेश
थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के शिवपुरी में बुधवार दोपहर ह्यूल नदी में स्नान करने के दौरान हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू कर दिया। लापता कर्मचारी की तलाश के लिए SDRF, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हरीश उनियाल (34), पुत्र परमानंद उनियाल, निवासी चौदह बीघा ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, थाना नरेंद्रनगर और बलजीत सिंह रेखी (40), पुत्र नरेंद्र सिंह नेगी, निवासी आलमबाग, लखनऊ बुधवार को अवकाश पर थे।
दोनों शिवपुरी में चौकी के नीचे नदी में स्नान करने गए थे।बताया गया कि स्नान के दौरान अचानक हरीश उनियाल का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी की तेज धारा में बह गए। उनके साथी बलजीत सिंह रेखी ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी।घटना की सूचना बुधवार दोपहर करीब 3:05 बजे SDRF को मिली।
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।SDRF के जवान नदी के संभावित स्थानों पर लगातार लापता कर्मचारी की तलाश कर रहे हैं।
वहीं घटनास्थल पर जल पुलिस और स्थानीय पुलिस भी मौजूद है। सभी टीमें आपसी समन्वय से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।समाचार लिखे जाने तक हरीश उनियाल का कोई पता नहीं चल सका था और नदी में उनकी तलाश जारी थी।

