उत्तराखण्ड की आशा कार्यकर्ताओं को मिली बड़ी राहत, धामी सरकार ने किया 37.76 करोड़ रुपये का मानदेय जारी

देहरादून

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के सभी विकासखंडों में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटर्स के मासिक निर्धारित मानदेय की धनराशि जारी कर दी है।

इसके लिए कुल 37 करोड़ 76 लाख 51 हजार 736 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसे 10 सितंबर 2026 को जिलों को विकासखंडवार उनके खातों में निर्गत कर दिया गया है।

इसके तहत आशा कार्यकर्ताओं को 3,300 रुपये प्रतिमाह और आशा फैसिलिटेटर्स को 2,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित मानदेय के रूप में दिया जाता है। कुल जारी धनराशि में आशा कार्यकर्ताओं के लिए 36 करोड़ 64 लाख 52 हजार 856 रुपये और आशा फैसिलिटेटर्स के लिए 1 करोड़ 11 लाख 98 हजार 880 रुपये निर्धारित हैं।

इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन और समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग के लिए आशा कार्यकर्ताओं को समय-समय पर कार्यक्रम-विशिष्ट प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। इनमें राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी/टीबी), नियमित टीकाकरण, आरबीएसके, आरकेएसके, मातृ स्वास्थ्य एवं संस्थागत प्रसव, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य समेत अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम शामिल हैं।

आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। निर्धारित मानदेय के अतिरिक्त विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का उद्देश्य उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना, मनोबल बढ़ाना और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके योगदान को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *