देहरादून/ नैनीताल
नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। रोजाना की तरह पत्रकारों के सूचना ग्रुप में सरकारी समाचार और सूचनाएं साझा करते-करते अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर बाद निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरिजा शंकर जोशी पत्रकारों के लिए बनाए गए जिला नैनीताल सूचना विभाग के ग्रुप में समाचार और सरकारी सूचनाएं साझा कर रहे थे। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल हल्द्वानी के एक चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारों और सूचना विभाग के कर्मचारियों में गम का माहौल छा गया।
सहकर्मियों और पत्रकारों ने उन्हें सहज, सहयोगी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताते हुए कहा कि वह नियमित रूप से सरकारी सूचनाएं समय पर मीडिया तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहते थे। उनके अचानक चले जाने को सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने भी गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद और अपूरणीय क्षति है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
