देहरादून/,रुद्रप्रयाग
सोमवार को जनपद रुद्रप्रयाग के श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीड़वासा हेलीपैड के पास लैंडस्लाइड के कारण मार्ग आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री मार्ग पर आवागमन नहीं कर पा रहे थे। सूचना प्राप्त होने पर श्री अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के निर्देशानुसार SDRF पोस्ट सोनप्रयाग से सब इंस्पेक्टर आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
SDRF टीम द्वारा पुलिस, DDRF एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। टीम द्वारा विषम परिस्थितियों में लगातार यात्रियों को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मार्ग से सुरक्षित तरीके से पार कराया गया। अभियान के दौरान SDRF जवानों द्वारा दुर्गम एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में पूरी तत्परता के साथ यात्रियों एवं घोड़े-खच्चरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करते हुए अब तक 6500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया वहीं करीब 600–700 घोड़े-खच्चरों को भी सुरक्षित मार्ग से निकाला जा चुका है।

