सितारगंज पुलिस ने आरडी/एफडी के नाम पर लाखों रुपये ठगने वाले कलेक्शन एजेन्ट किया गिरफ्तार

देहरादून/सितारगंज

एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में सितारगंज पुलिस ने आरडी/एफडी के नाम लाखों रुपये ठगने वाले कलेक्शन एजेन्ट को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दिनांक 07.01.2026 को मझरा, सिसौना, सितारगंज निवासी रविता राणा ने कोतवाली सितारगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि राजेन्द्र प्रसाद द्वारा बाँसुरी म्युचुअल बेनिफिट इंडिया निधि लिमिटेड के नाम पर लोगों को आरडी/एफडी आदि खाते खुलवाकर नियमित रूप से धनराशि जमा कराई गई, लेकिन निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद खाताधारकों को धनराशि वापस नहीं की गई। मामले में पुलिस ने धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी राजेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पीड़ितों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई 11 मूल खाता पुस्तिकाएं, 10 मूल बॉन्ड पेपर एवं 7 मूल किश्त रसीदें कब्जे पुलिस में ली गईं।

जांच में सामने आया कि अभियुक्त राजेन्द्र प्रसाद स्वयं को कम्पनी का फील्ड मार्केटिंग/कलेक्शन एजेन्ट बताकर लोगों को आरडी/एफडी खाते खुलवाने के लिए प्रेरित करता था। इसके बाद खाताधारकों से प्रतिदिन 50/100 रुपये अथवा निर्धारित किश्त के रूप में नकद धनराशि प्राप्त कर उनकी खाता पुस्तिका में प्रविष्टि कर अपने हस्ताक्षर करता था।

पूछताछ में राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि वह 5.06.2023 को उक्त कम्पनी में कलेक्शन एजेन्ट के रूप में नियुक्त हुआ था तथा सितारगंज क्षेत्र में लोगों के खाते खोलने एवं धनराशि कलेक्शन का कार्य करता था।

उसके द्वारा सितारगंज क्षेत्र में करीब 50-60 लोगों के खाते खोले गए तथा खाता धारकों से एकत्र करीब 15-20 लाख रुपये की धनराशि अजय गंगवार एवं राजकुमार गंगवार को दी गई। अभियुक्त द्वारा अजय गंगवार के कहने पर अपने बैंक खाते से ऑनलाइन धनराशि ट्रांसफर किए जाने की बात भी बताई गई।

खाताधारकों को प्रतिदिन 50, 100, 150 रुपये जैसी छोटी-छोटी धनराशि जमा कर लगभग एक वर्ष की अवधि पूर्ण होने पर मैच्योरिटी राशि वापस मिलने का विश्वास दिलाया गया था। अवधि पूर्ण होने के बाद धनराशि वापस नहीं किए जाने पर अभियुक्त द्वारा सितारगंज क्षेत्र में कलेक्शन का कार्य बंद कर दिया गया तथा वह करीब 6 माह से फरार चल रहा था।

दिनांक 2.10.2026 को एसआई जगत सिंह साही, कां. कमल गहतौड़ी के साथ चौकी सिडकुल क्षेत्र में मामूर थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मुकदमे में वांछित अभियुक्त राजेन्द्र प्रसाद सितारगंज मंडी में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा राजेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ एवं अब तक की विवेचना में अजय गंगवार, राजकुमार गंगवार एवं गीता देवी के नाम एवं उनकी भूमिका प्रकाश में आई है। अभियुक्त के अनुसार अजय गंगवार कम्पनी के चेयरमैन, राजकुमार गंगवार मैनेजिंग डायरेक्टर तथा गीता देवी डायरेक्टर हैं।

मामले में उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर धारा 61(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। प्रकाश में आए व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त –

राजेन्द्र प्रसाद (42 वर्ष) पुत्र सीताराम निवासी ग्राम रम्पुरा नत्थू, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश।

पुलिस टीम में कोतवाल सुन्दरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई जगत सिंह साही, हे.कां. मतलूब ख़ान तथा कमल गहतौड़ी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *