उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति साहू पर लगाए अत्याचार और असुरक्षा के आरोप, कैंट थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट,अस्पताल में हुई भर्ती – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति साहू पर लगाए अत्याचार और असुरक्षा के आरोप, कैंट थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट,अस्पताल में हुई भर्ती

देहरादून

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

केबिनेट मंत्री द्वारा अपने पति पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गये हैं। लिखित शिकायत में एक ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है। गुरुवार को दर्ज मुकदमे में भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी शामिल की गई हैं।

मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने फेसबुक पर एक वीडियो और पति से जुड़ा ऑडियो साझा किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत देने का निर्णय लेना पड़ा। मंत्री के मुताबिक, यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। इस घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई है। राजधानी दून के इंद्र रोड डालनवाला स्थित कृष्णा मेडिकल अस्पताल में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य भर्ती की गई हैं।

रेखा आर्या ने महिलाओं से घरेलू उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “महिला आम हो, महिला खास हो… घरेलू अत्याचार न सहना है, बल्कि उसे कहना है।” उन्होंने संदेश दिया कि महिलाओं को अपने साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ चुप रहने के बजाय आवाज उठानी ही चाहिए।

एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित तथ्यों की जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *