खेल महाकुंभ सीएम चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत शुक्रवार से NIM में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता शुरू – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

खेल महाकुंभ सीएम चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत शुक्रवार से NIM में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता शुरू

देहरादून/उत्तरकाशी

खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का विधिवत संयुक्त शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और एनआईएम के प्रधानाचार्य एसएस राजपुरोहित द्वारा किया गया।

स्पीड क्लाइबिंग प्रतियोगिता में अण्डर 14, 19 आयुवर्ग के बालक/बालिका एवं 20-25 ओपन महिला वर्ग के प्रतिभागियों के द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।

प्रतियोगिता 3 दिन तक आयोजित की जायेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान ने कहा कि खेल महाकुम्भ के अन्तर्गत पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जनपद उत्तरकाशी में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्पीड क्लाबिंग प्रतियोगिता में अनुशासन के साथ-साथ एकाग्रता जरूरी है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि स्पीड क्लाईबिंग प्रतियोगिता सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं आपके फोकस, मानसिक मजबूती एकाग्रता और सेकंड के सौवें हिस्से में सही निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि इस अदभुत खेल से हमें जीवन की तीन बड़ी सीख मिलती है। पहली नजर हमेशा अगले कदम पर हो, दूसरा गिरने से कभी मत डरो एवं तीसरा खुद से मुकाबला करो। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता को बेहतर एवं सार्थक बनाना आपके हाथ में है। उन्होंने कहा कि इस खेल में उतरने वाला हर प्रतिभागी विजेता है, विजेता वह नहीं जो मेडल जीतेगा, बल्कि विजेता वो होता है, जो ऊॅची दीवार को देख उसे फतह करने के लिए कदम उठाता है।

इस मौके पर प्रधानाचार्य नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने प्रतिभागियो को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्पीड क्लाइबिंग प्रतियोगिता ओलम्पिक स्तर की प्रतियोगिता है, उन्होंने कहा कि इस खेल में उत्तराखण्ड में बेहतर सम्भावनायें हैं।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आदर्श पंत, संदीप राणा, प्रवेश पैन्यूली, लोकेन्द्र नेगी, व्यायाम प्रशिक्षक सचिन रावत, निर्णायक अजय नोटियाल, खेल प्रशिक्षक अमित राणा, चन्द्रमोहन, सुनील गुसांई,शीला पंवार, संगीता, ममता, मिनाक्षी अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *