देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में न्यूज प्लेटफॉर्म के नाम पर सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग का धंधा खूब फ़ल फूल रहा है,न्यूज चलाने के नाम पर खुल्लमखुल्ला पैसे मांगना आम बात हो गई है। पॉजिटिव या नेगेटिव खबर चलाकर पैसा वसूली आम बात हो चुकी है। जनता ऐसे सोशल मीडिया वालों को कई बार सबक सिखा चुकी है। लेकिन पुलिस कई बार पत्रकार होने के नाम पर कार्यवाही से बचती नजर आती है।
लेकिन यहां एक प्रॉपर्टी कारोबारी को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पटेलनगर पुलिस ने इस मामले में अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
दून पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खबर चलाकर कारोबारी को बदनाम करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये उसके बताए बैंक खाते में जमा कराए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रॉपर्टी से जुड़ी खबरें न्यूज प्लेटफॉर्म पर चलाकर कारोबारी को बदनाम करने और बर्बाद करने की धमकी दी। डर के कारण पीड़ित ने आरोपी के बताए बैंक खाते में ₹50 हजार जमा कर दिए। इसके बाद भी आरोपी कथित तौर पर बाकी रकम के लिए धमकाता रहा।
डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का खास चैंबर
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए विशेष चैंबर बनाया गया था। आरोपी के मोबाइल फोन में कई लोगों के कथित रूप से गुप्त तरीके से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अनुज अग्रवाल पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून के अलावा मध्य प्रदेश, पंजाब, ओडिशा और गुजरात में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की पुष्टि की जा रही है।
पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की है। फिलहाल आरोपी के मोबाइल फोन से मिले वीडियो और ब्लैकमेलिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।