गुजरात से पीएम मोदी करेंगे “एकता परेड-2026” में साइबर क्राइम और नशे को लेकर सीधा संवाद, राष्ट्रीय एकता की दिलायेंगे शपथ,उत्तराखंड के सभी थानों में होगा सीधा प्रसारण – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

गुजरात से पीएम मोदी करेंगे “एकता परेड-2026” में साइबर क्राइम और नशे को लेकर सीधा संवाद, राष्ट्रीय एकता की दिलायेंगे शपथ,उत्तराखंड के सभी थानों में होगा सीधा प्रसारण

देहरादून

राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर, 2026) के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाली एकता परेड-2026 का उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के संदेश को राज्य के सुदूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमांत क्षेत्रों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे जन-जन में राष्ट्र के प्रति एकता, समरसता और समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इस भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय जनसमुदाय, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, तथा सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों की विशेष सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

उपरोक्त कार्यक्रम हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रदेश के जनपदों में दायित्व आवंटित किए गए हैं।

ADG वी0 मुरूगेशन- देहरादून, ADG ए0पी0 अंशुमान- नैनीताल, IG विम्मी सचदेवा- हरिद्वार, IG रिधिम अग्रवाल- देहरादून, IG कृष्ण कुमार वी के- ऊधमसिंह नगर, IG नीलेश आनंद भरणे- पौड़ी गढ़वाल, IG राजीव स्वरूप- टिहरी गढ़वाल, IG अनन्त शंकर ताकवाले- अल्मोड़ा, IG सुनील कुमार मीणा- उत्तरकाशी, IG योगेन्द्र सिंह रावत- चम्पावत, IG बरिन्दरजीत सिंह- रुद्रप्रयाग, DIG धीरेन्द्र गुंज्याल- चमोली तथा DIG श्री यशवन्त सिंह- पिथौरागढ़ ।

वरिष्ठ अधिकारी आवंटित जनपदों में उपस्थित रहकर प्रातः पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में प्रतिभाग कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। सभी जनपदों में पुलिस कर्मियों के साथ सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि सायंकाल 5.30 बजे सभी थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ प्रधानमंत्री की उपस्थिति में गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड’ का सीधा प्रसारण साझा किया जाएगा। इसके उपरांत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुलिस एवं आमजन के मध्य आपसी समन्वय, सहयोग एवं विश्वास को सुदृढ़ करने, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *