2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प,विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुट जाएं, बूथ और शक्ति केंद्रों के सशक्तीकरण पर रखें जोर..फणीन्द्र नाथ – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प,विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुट जाएं, बूथ और शक्ति केंद्रों के सशक्तीकरण पर रखें जोर..फणीन्द्र नाथ

देहरादून/रुद्रप्रयाग

वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को जनभागीदारी से साकार करने और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की रुद्रप्रयाग एवं केदारनाथ विधानसभा की संगठनात्मक बैठकें संपन्न हुईं।

रुद्रप्रयाग विधानसभा की बैठक भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग तथा केदारनाथ विधानसभा की बैठक अगस्त्यमुनि स्थित हिल क्रौंच होटल में आयोजित की गई। दोनों बैठकों में प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन की भावी कार्ययोजना, बूथ एवं शक्ति केंद्रों के सशक्तीकरण और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।

प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को आधार बनाकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। यह केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज के सर्वांगीण विकास का व्यापक संकल्प है। इसे साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और स्वदेशी के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस राष्ट्रीय संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ‘पंच परिवर्तन’ अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को जीवन एवं व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता स्वयं इन मूल्यों का अनुसरण करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।

आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने बूथ एवं शक्ति केंद्रों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई करार दिया। ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता का आधार मजबूत बूथ संरचना और सक्रिय कार्यकर्ता हैं।

इसके लिए बूथ समितियों को प्रभावी बनाने, शक्ति केंद्रों पर नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने तथा पन्ना प्रमुखों की सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारी अंतिम समय में नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के बीच सक्रिय रहकर और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाकर की जाती है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता के सुख-दुख का सहभागी बने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करे। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ निरंतर संवाद ही आगामी चुनाव की तैयारियों का आधार है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी एवं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के संदर्भ मे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखें, ताकि संगठन और सरकार के कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।

बैठकों की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए बूथ एवं शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा एवं जिला सह-प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

अलग अलग विधानसभाओं की बैठक में राज्य मंत्री विजय कपरुवां ,चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, शकुंतला जगवान, पूर्व राज्य मंत्री दिनेश बगवाड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय सेमवाल, जिला महामंत्री अरुण चमोली एवं रायसिंह राणा, भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित मेंखंडी,भाजयुमो गढ़वाल सह-संयोजक विकास डिमरी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल , मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र रावत, मनोज राणा सहित समस्त मंडल अध्यक्ष, बूथ एवं शक्ति केंद्रों के पदाधिकारी तथा जिले के सभी अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *