तेज रफ्तार कार ने मारी बाइक को जबरदस्त टक्कर दोनों बाइक सवार गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

तेज रफ्तार कार ने मारी बाइक को जबरदस्त टक्कर दोनों बाइक सवार गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

देहरादून/लालकुआं

राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर शनिवार की दोपहर सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी अंकित कुमार और रोहित कुमार मोटरसाइकिल से सुभाष नगर की ओर से लालकुआं आ रहे थे। इसी दौरान पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए अन्यत्र रेफर करने की सलाह दी है। हालांकि उनकी नाजुक स्थिति के चलते परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। घायल रोहित के पिता लल्लन ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों को अन्यत्र ले जाने की सलाह दी है, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

इधर, हादसे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के किनारे पड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया। एनएच-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना हुआ है और दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से राजमार्ग पर नियमित निगरानी, गति नियंत्रण तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। इधर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने डॉ सुशीला तिवारी चिकित्सालय के प्राचार्य को दूरभाष पर निर्देश दिए की दोनों घायल युवकों को गहन चिकित्सा मुहैया कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *