देहरादून/उत्तरकाशी
उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले के तहत बुधवार को क्रेता-विक्रेता बैठक, कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रतिभाग किया। मिनी सरस मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों से है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर विकसित हों और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनें। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहचान बढ़ाने में मिनी सरस जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान एमडीएस और एल्पाइन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से जनपद की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प के स्टॉल भी लगाए गए हैं। गढ़भोज का विशेष स्टॉल भी मेले का आकर्षण बना हुआ है। क्रेता-विक्रेता बैठक में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और बाजार से जुड़े लोगों के बीच संवाद भी आयोजित हुआ। इसमें स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को लेकर चर्चा हुई।
इसी क्रम में बुधवार को जोशियाड़ा में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने और जनपद में साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान भी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, सीएमओ डॉ श्याम विजय, डीडीओ वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, सीएचओ रजनीश कुमार, एसीएमओ डॉ बीएस पांगती, डीपीआरओ प्रताप चौहान, डीटीडीओ खुशाल नेगी, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, एडीएसडब्लूओ सुधीर जोशी सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
