बजरंग दल कार्यकर्ता पर लूट के आरोप को कार्यकर्ताओं ने बताया फर्जी, SSP ऑफिस पर किया प्रदर्शन,बोले पुलिस की भूमिका संदिग्ध – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

बजरंग दल कार्यकर्ता पर लूट के आरोप को कार्यकर्ताओं ने बताया फर्जी, SSP ऑफिस पर किया प्रदर्शन,बोले पुलिस की भूमिका संदिग्ध

देहरादून

राजधानी दून में 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ौनी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस और प्रशासन के सामने आ गए हैं। शनिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और एसएसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर में ही बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध में जमकर नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बजरंग दल के प्रांत संयोजक पूरन जोशी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सिद्धांत बड़ौनी को झूठे मामले में फंसाया है। उनका कहना था कि जिस घटना को लूट से जोड़कर गिरफ्तारी की गई है, उसमें सिद्धांत की भूमिका मददगार की थी। जोशी के मुताबिक, हादसे के बाद सिद्धांत ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया था, न कि उससे लूटपाट की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस के पास मामले से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य हैं तो उनकी निष्पक्षता से जांच क्यों नहीं की जा रही है। जोशी ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और जमीन के सौदे से जुड़े दस्तावेजों की जांच नहीं की गई। संगठन का कहना है कि इन तथ्यों की पड़ताल से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल करे, ताकि किसी निर्दोष को सजा न मिले और वास्तविक दोषियों तक पहुंचा जा सके।

इस तरह की कार्रवाई से न केवल एक व्यक्ति की गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई और पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *