दुःखद..हरिद्वार जिले में दो अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला और एक युवक की जान चली गई – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

दुःखद..हरिद्वार जिले में दो अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला और एक युवक की जान चली गई

देहरादून/रुड़की/हरिद्वार

हरिद्वार जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुड़की और पिरान कलियर क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक युवक की जान चली गई। सबसे दर्दनाक हादसा सालियर गांव के पास हुआ, जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ सफर कर रही थी। हादसे में पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए, लेकिन बच्चों के सामने ही मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शनिवार को पहली घटना पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र में घटी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मिनी ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

वहीं एक दूसरे हादसे में शनिवार को सुबह रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे होकर बिजनौर निवासी एक परिवार बाइक से अपने घर जा रहा था। बाइक पर महिला जावेदा (29), उनके पति मोहम्मद मुसाद और दो बच्चे सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जावेदा की मौके पर ही मौत हो गई, हालाँकि उनके पति और दोनों बच्चे किसी तरह सुरक्षित बच गए।

इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर और महिला की मौत से नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाईवे से जाम खुलवाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।

एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, दोनों हादसों में मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और उनके चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *