मोरी/उत्तरकाशी
मंगलवार को तहसील मोरी के ग्राम पवानी में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत-बचाव कार्य के लिए संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस को तत्काल अवगत कराया गया। तहसील मोरी की राजस्व टीम, मोरी फायर सर्विस, SDRF तथा पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। मोरी से घटनास्थल की दूरी लगभग 55 से 60 किमी है।
दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाले समय को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य शुरू होने के संबंध में अग्रिम जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र में आग लगने की सूचना सामने आई है। हालांकि आग से कितने भवन प्रभावित हुए, जनहानि या पशुहानि हुई अथवा नहीं तथा आग लगने का कारण क्या रहा, इसकी अधिकारिक जानकारी फिलहाल नहीं है। इन सभी बिंदुओं की वास्तविक स्थिति राहत-बचाव दलों के घटनास्थल पर पहुंचने और राजस्व टीम के स्थलीय निरीक्षण के बाद स्पष्ट होगी।
दूरस्थ पहाड़ी गांवों में लकड़ी के पारंपरिक भवन और सीमित अग्निशमन सुविधाओं के कारण आग की घटनाएं गंभीर रूप ले सकती हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से राहत-बचाव दलों को तत्काल रवाना किया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देख सीएम धामी ने जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते ली और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
