देहरादून/उत्तरकाशी
सीमान्त जनपद उत्तरकाशी के मोरी तहसील अंतर्गत ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड की सूचना पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ ही मौके पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
सोमवार 24 नवंबर 2026 को सायं ग्राम पवाणी में अग्निकांड की घटना में 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं जिसमें 39 परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी पुरोला सहित संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुचि और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों पर प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, रहने और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था की गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्थायी हेलिपैड का निर्माण भी किया गया है।
गांव में सामुदायिक किचन स्थापित कर प्रभावितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम तैयार कर उसे सेल्टर के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी स्वयं घटना स्थल पर मौजूद रहकर राहत अभियान की कमान संभाले हुए हैं।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों की टीमें तैनात की गई हैं। इनमें पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति , सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास द्वारा प्रभावित क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण भी किया गया है।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए 123 कंबल, 100 जैकेट, 45 गमबूट, 24 टेंट, 4 बड़े एवं रेडक्रॉस टेंट,12 बर्तन सेट, 45 सेट पतीला/कढ़ाई/स्टील लोटा/टिफिन, 45 गैस चूल्हे, 45 नग बाल्टी, 45 सेट हाईजीन किट, 50 गद्दे, 50 सेट बेडशीट/तकिया/कवर आदि, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 गिलास, 100 थाली, 50 टॉर्च एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। 45 किट राशन सामग्री भेजी गई है। प्रत्येक राशन किट में 20 किलोग्राम चावल, आटा, तेल, नमक, चीनी, चाय आदि आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है। इसके अतिरिक्त तहसील मोरी की ओर से चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू, सोयाबड़ी एवं 15 तिरपाल सहित आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।