देश के रक्षा उत्‍पादन में मील का पत्‍थर साबित होगा CM3 MR का उत्पादन,आयात निर्भरता घटाने की दिशा में रक्षा उत्पादन में देहरादून की नई पहचान, हजारों साइटें बनाने का लक्ष्य – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

देश के रक्षा उत्‍पादन में मील का पत्‍थर साबित होगा CM3 MR का उत्पादन,आयात निर्भरता घटाने की दिशा में रक्षा उत्पादन में देहरादून की नई पहचान, हजारों साइटें बनाने का लक्ष्य

देहरादून

रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की देहरादून स्थित आयुध निर्माण इकाई (OFD) में CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है इस साईट की एक खेप बुधवार को यहां से भेजी गयी। इस अवसर पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्‍यक्ष एवं प्रबंधनिदेशक शर्मिष्‍ठा कौल शमा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक उत्पाद के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के रक्षा औद्योगिक तंत्र में कंपनी की मजबूत पहचान स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय कंपनी Safran के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता आज इस मुकाम तक पहुंचा है। पूर्व बोर्ड और नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम है कि वर्ष 2021-22 से ही सेना को आधुनिक, नए और उन्नत उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक सैन्य औद्योगिक व्यवस्था में सहयोग और रणनीतिक साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। L&T और Safran जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी इसी सोच का हिस्सा है। भविष्य में भी इस तरह के तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भारत में विशिष्ट रक्षा तकनीकों का निर्माण संभव हो सके और विदेशी आयात पर निर्भरता कम हो।

कौल ने ओएफडी के अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन-एसोसिएशन और उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति से तय होती है। कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने उत्पाद को इस स्तर पर स्थापित करें कि उसकी गुणवत्ता पर कोई सवाल न उठे। उन्होंने कहा कि कंपनी को समयबद्ध आपूर्ति, बेहतर गुणवत्ता और लगातार सीखने की प्रवृत्ति पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके लिए ओएफडी में नई बिल्डिंग और सिस्टम में किए जा रहे सुधार भी भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मददगार होंगे।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से K9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS) की पहली खेप फ्लैग ऑफ की गई थी। अब इसी कड़ी में देहरादून से CM3 MR साइटों का पहला बैच रवाना किया जा रहा है। यह दोनों उपलब्धियां K9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका को दर्शाती हैं।

उन्‍होंने ने बताया कि एक स्थापित रक्षा निर्माता की ओर से हाल ही में कंपनी को पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें INS की आपूर्ति के बाद इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड को सप्लाई चेन और ग्राहक संतुष्टि के आकलन में सर्वोच्च स्तर पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह का भरोसा भारतीय सशस्त्र बलों और कंपनी के प्रत्येक ग्राहक के बीच भी कायम करना होगा। उन्होंने OFD के पारंपरिक उत्पादों के साथ नए और विशिष्ट तकनीक वाले उत्पादों के निर्माण पर जोर दिया। उनके अनुसार, प्रतिस्पर्धा के दौर में नई तकनीक और विशेष उत्पाद ही भविष्य में कंपनी की प्रगति का आधार बनेंगे। समारोह में 21 CM3 MR साइटों को फ्लैग ऑफ किया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि OFD की टीम की मेहनत और तकनीकी दक्षता के बल पर आने वाले समय में यहां से हजारों साइटों का उत्पादन होगा। इससे न केवल देश की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि कर्मचारियों के लिए काम और नए कौशल विकसित करने के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर आयुध निर्माणी के मुख्‍य महाप्रबंधक सीएस ठाकुर ने कहा कि यह अवसर हमारी इस ईकाई के लिए गौरव का अनुभव कराता है हमने कड़ी मेहनत से इस उत्‍पाद को लक्ष्‍य तक पहुंचाया है और इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक राधव गुप्‍ता ने इस उत्‍पाद के बारे में जानकारी साझा की और किस तरह से इसके उत्‍पदान को लक्ष्‍य तक पहुंचाया गया इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर आईओएल के निदेशक संचालन शम्‍भू शर्मा, निदेशक वित्‍त विशाल गर्ग, कंट्रोलर अनुज गर्ग, मुख्‍य महाप्रबंधक ओ एल एफ तरूण खट्टर, आयुध निमा्रणी के सभी अधिकारी, समेत सभी यूनियन, एसोसियेशन के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *