22 वर्षीय युवक की अचानक मकान के ऊपर आए भूस्खलन के मलबे में दबकर हुई मौत,परिजनों में कोहराम ,क्षेत्र में शोक – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

22 वर्षीय युवक की अचानक मकान के ऊपर आए भूस्खलन के मलबे में दबकर हुई मौत,परिजनों में कोहराम ,क्षेत्र में शोक

देहरादून/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र के रसगाड़ी में अचानक एक मकान पर भूस्खलन हो गया। मकान के भीतर सो रहे युवक की मलबे में दबने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंची राजस्व की टीम ने शव को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार तड़के लगभग चार बजे की बताई गई है। रसगाड़ी के ओजपाली तोक में अचानक भूस्खलन होने से नीचे बना ललित मोहन जोशी का मकान ध्वस्त हो गया। मकान की छत गिर जाने से पहाड़ी का मलबा और बोल्डर दीवार तोड़कर सीधा भीतर घुस गया। भीतर सो रहा ललित मोहन जोशी का पुत्र भुवन जोशी (22 वर्ष) मलबे के नीचे ही दब गया। परिजनों के लिए भारी मात्रा में डंप मलबे को हटाना असंभव था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना राजस्व विभाग और पुलिस को दी। दोनों विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल मलबा हटाया लेकिन तब तक बहुत ज्यादा देर हो चुकी थी।

युवक भुवन जोशी की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि घर के ऊपर बनी सिंचाई गूल के क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा था जो भूस्खलन का कारण बना। तहसीलदार पिंकी आर्या ने कहा कि फिलहाल मृतक के परिजनों को सहायता राशि दे दी गई है। घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *