देहरादून/नैनीताल
जनपद नैनीताल के अंतर्गत भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सुबह एक सड़क दुर्घटना हो गई। जिसकी सूचना आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से समय 07:27 बजे मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी, जिसमें चालक के अनुसार लगभग 15–16 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद काफी लोग स्वयं ही बाहर आ गए थे और बाकी लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे थे।
एसडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित एवं कुशलतापूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान 07 घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के उपरांत तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। दुर्भाग्यवश, इस दुर्घटना में 01 व्यक्ति बस के भीतर बुरी तरह से फंस गया था जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। टीम द्वारा अन्य यात्रियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा घटनास्थल पर सर्चिंग की गई।