दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही महिला के साथ टैक्सी चालक ने लूटपाट और दुष्कर्म का किया प्रयास,पुलिस ने 10 घंटे में त्वरित कार्रवाई में गिरफ्तार

देहरादून/नैनीताल

दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही एक महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास और लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। वहां से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली।

रात्रि करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने नैनीताल जाने के बजाय वाहन को पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला के विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि उसने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।

घटना के बाद किसी तरह महिला ने खुद को बचाया और 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) और जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष), निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल फोन (Vivo Y100) बरामद कर लिया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *