देहरादून
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट का टिहरी जनपद में दो दिवसीय प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रवास के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, आध्यात्मिक एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
प्रवास के लिए प्रस्थान करते हुए रुचि भट्ट ने हर्रावाला में पूर्व प्रधान मूलचंद सिलस्वाल जी के निवास पर आयोजित पावन रामायण पाठ में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेकते हुए प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव एवं गढ़वाल संयोजक रेखा डंगवाल भी उपस्थित रहीं।
टिहरी जनपद के चंबा पहुंचने पर रुचि भट्ट का भव्य स्वागत किया गया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री एवं शोभानी धनौला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव , गढ़वाल संयोजक शरेखा डंगवाल सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों में जिला महामंत्री लीला अनीता कोठारी, मंडल अध्यक्ष अनीता भट्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रवास के दौरान सभी उपस्थित जनों द्वारा उत्तराखंड के वीर सपूत श्री देव सुमन को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया गया।
अपने प्रवास के अंतर्गत रुचि भट्ट ने चंबा क्षेत्र में कुटीर एवं लघु उद्योग से जुड़ी महिला कर्मियों से भेंट कर उनके कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने खड्डी के माध्यम से तैयार किए जा रहे शॉल एवं स्वेटर की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के कौशल, आत्मनिर्भरता और परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उषा नकोटी के नेतृत्व में लगभग 300 महिलाएं इस कार्य से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और वे स्वयं के साथ अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।
इसी क्रम में रुचि भट्ट ने सोमगिरी स्वयं सहायता समूह के कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पवना देवी द्वारा संचालित जल शुद्धिकरण प्लांट का अवलोकन किया गया, जहाँ प्राकृतिक स्रोतों से जल एकत्रित कर उसे शुद्ध कर बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ महिलाओं एवं युवतियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव , गढ़वाल संयोजक रेखा डंगवाल एवं टिहरी जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने इन प्रयासों को महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक बताया।
रुचि भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिला मोर्चा इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है।
यह दो दिवसीय प्रवास महिला सशक्तिकरण, संगठनात्मक मजबूती एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में अत्यंत सार्थक एवं प्रेरणादायक रहा।
