पौड़ी के बीरोखाल में फटा बादल हाईवे सहित कई सड़कें अवरुद्ध, डी एम डा.आशीष ने लिया तत्काल एक्शन,विभागों की टीमें रवाना

देहरादून/पौड़ी

पौड़ी जिले की तहसील बीरोंखाल के अंतर्गत बादल फटने और अतिवृष्टि के कारण स्टेट हाइवे संख्या 32 सहित अनेक मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जबकि कई गदेरे उफान पर है जो भयावह रूप लिए हुए हैं। जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्र में भेज कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बुधवार को तक़रीबन 4 बजे हुई अचानक मूसलधार और तेज बारिश होने से जहां एक और गर्मी से राहत मिली वहीं दूसरी और कई गांवों के संपर्क मार्ग टूट गए है, जबकि खेतों को नुकसान हुआ है।

गदेरों के उफान पर आने से सड़के या तो टूट चुकी हैं या फिर मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। जिस पर प्रशासन द्वारा नजर बनाए हुए है और जेसीबी भेज कर मार्ग खोलने को लेकर कार्यवाही की जा रही है। अतिवृष्टि की सूचना मिलते हीं जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान जिला आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे।

उन्होंने स्थिति का जायजा लिया तथा तुरंत कार्यवाही करते हुए आपदा की टीम, लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को जल्द से जल्द मार्गों को खुलवाने तथा अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने को लेकर निर्देशित किया।

आपदा कंट्रोल रूम पौड़ी से मिली जानकारी के अनुसार मूसलाधार, अतिवृष्टि और तेज बारिश के कारण सुखई व फरसाडी गांव का प्रभावित होना बताया गया है। साथ ही स्टेट हाईवे संख्या 32 के किलोमीटर 110 पर 30 मीटर सड़क गुडियल खील में वाशआउट होना, इसके अलावा किलोमीटर 9 से 11 के बीच तीन से चार जगह पर मलबा आने की जानकारी दी है। राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र बंगारस्यू के राजस्व ग्राम सुकई में बादल फटने से 20 घरो में पानी घुस गया है और कुछ गौशाला में भी पानी का भरान हुआ है। जान-माल के क्षति की अभी कोई सूचना नहीं है।

इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी श्रीनगर, इंचार्ज नूपुर वर्मा को तत्काल प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना होने को कहा है। साथ ही जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक तौर पर प्रभावित बताए जा रहे सुखई व फरसाडी गांवो में आवश्यकता अनुसार प्राथमिक विद्यालयों या पंचायत घरों में ठहरने की व्यवस्था, फूड पैकेट, पेयजल व्यवस्था, तथा डाक्टर की एक टीम को रवाना करने की निर्देश दिए हैं। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने तहसील बीरोंखाल में तत्काल एक आपरेशनल कंट्रोल रूम इस्टैबलिश करने की निर्देश दिए हैं। वहीं जिला मुख्यालय से आपदा रेस्क्यू वाहन ड्रैगन लाइट व रिमोट एरिया लाइट, रेस्क्यू उपकरण, फूड पैकेट, पानी की बाटल्स सहित रवाना। वहीं दूरस्थ क्षेत्र होने और विकट स्थित को देखते हुए जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान द्वारा तुरंत एक्शन के चलते अवरुद्ध मोटर मार्ग से मालवा हटाए जाने का कार्य गतिमान तथा जेसीबी मोके मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जा चूका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *